मुंगेली : नवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम जिले भर में देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में जय शक्ति दुर्गा उत्सव समिति बाल मंदिर के तत्वाधान में सप्तमी तिथि के दिन भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समिति द्वारा श्रद्धालुओं को पूड़ी और सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और सभी ने भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों ने प्रसाद पाकर स्वयं को धन्य महसूस किया और आयोजन की सराहना की। भंडारे के सफल संचालन में समिति के भंडारा प्रभारी श्रीमती गौरी सोनी की अहम भूमिका रही। इसके अलावा कृष, वीजराज, शुभम, सागर रजक, सौरभ, नानू, सोमनाथ, चन्द्रशेखर, मुकेश, जितेंद्र, चिंटू, देव श्रीवास, विनायक, शनि, धर्मेंद्र, प्रथम, अनमोल, राजा, लक्की, राजवीर, छोटे दादू, अर्नव, निरांश, जिज्ञानश, दौआ सहित समिति के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे और पूरे उत्साह के साथ भंडारे की व्यवस्था संभाली। इस धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि महापर्व केवल देवी उपासना का ही प्रतीक नहीं है, बल्कि यह पर्व सभी को एकता, भाईचारे और सहयोग का संदेश भी देता है। स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने समिति की इस पहल को सराहा और कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती देते हैं, बल्कि समाज में मिलजुलकर कार्य करने की परंपरा को भी आगे बढ़ाते हैं। नवरात्रि के आगामी दिनों में भी समिति द्वारा विशेष कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।



