
एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा किरंदुल : समग्र शिक्षा विभाग के राज्य परियोजना कार्यालय के आदेश और जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में दंतेवाड़ा जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं में 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ेनार क्रमांक-02, किरंदुल में संकुल प्राचार्य के निर्देशन में विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक और छात्र-छात्राएं पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में उपस्थित हुए तथा उत्साहपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। इसके साथ ही सामुदायिक भोज का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने बस्तर की स्थानीय विशेषताओं को दर्शाते हुए कंदमूल, पेय पदार्थ, पकवान, साग-सब्जी और फलों के स्टॉल लगाए।इस अवसर पर संकुल प्राचार्य मार्गरीटा टोप्पो सहित सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने जनजातीय संस्कृति की समृद्धि को उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



