बिलासपुर: शहर के अग्रसेन चौक के पास रहने वाले इंजीनियर ने 27 सितंबर को ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। उसके पास मिले सुसाइड नोट और मोबाइल स्क्रीन पर लिखे मैसेज से पता चला कि नोएडा में रहने वाली युवती उसे परेशान कर रही थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस युवती के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
युवती उसे लगातार कर रही थी परेशानपूछताछ में पता चला कि युवती ने नोएडा में गौरव के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की थी। इसके कारण गौरव को जेल जाना पड़ा था। न्यायालय से जमानत मिलने के बाद से घर पर रहकर काम कर रहे थे। इधर युवती उन्हें लगातार परेशान कर रही थी। इसी प्रताड़ना से तंग आकर गौरव ने ट्रेन के सामने कूदकर सुसाइड कर ली। जांच के बाद पुलिस ने नोएडा में रहने वाली प्रियंका सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। सिविल लाइन टीआइ ने बताया कि आरोपित युवती को गिरफ्तार करने जल्द ही पुलिस टीम को नोएडा भेजा जाएगा।
शादी वाली वेबसाइट से हुई थी पहचानगौरव दिल्ली में रहकर काम करते थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी शादी के लिए एक वेबसाइट पर अपना प्रोफाइल भेजा था। इसी के माध्यम से उनकी पहचान प्रियंका से हुई थी। इसके बाद दोनों की बातचीत मोबाइल पर हुई। कहा जाता है कि गौरव युवती से दो बार सार्वजनिक जगह पर मिले थे। आरोप है कि युवती ने उन्हें फंसाने के लिए झूठा केस कर दिया। इसके कारण उन्हें जेल जाना पड़ा। इससे वे आहत थे।
दिल्ली पुलिस से मिलेगी युवती की जानकारीस्वजन ने बताया कि जब दिल्ली पुलिस ने गौरव को गिरफ्तार किया तब उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई। इससे पहले वे प्रियंका के संबंध में नहीं जानते थे। अभी भी स्वजन के पास युवती का पता नहीं है। अब सिविल लाइन पुलिस दिल्ली पुलिस से संपर्क कर रही है। उसकी एफआईआर से ही उसका पता मिलेगा।



