नई दिल्ली : कर्नाटक की भाजपा इकाई ने कहा कि कर्नाटक में भी बिहार की तर्ज पर मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया होनी चाहिए। विपक्ष के नेता और वरिष्ठ भाजपा नेता आर.अशोक ने कहा, ”संदेह है कि बेंगलुरु में अकेले लगभग तीन लाख अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिये रह रहे हैं।”
भाजपा नेता अशोक ने सोमवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा, ”कांग्रेस ने अवैध प्रवासियों को अपना वोट बैंक बना लिया है। इसी कारण से मतदाता सूची में संशोधन का विरोध कर रही है। कर्नाटक में मतदाता सूची का संशोधन बिहार माडल पर किया जाना चाहिए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि तुंगभद्रा बांध के गेटों की मरम्मत का कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। कर्नाटक का पानी आंध्र प्रदेश जा रहा है और इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के सभी मंत्री दिल्ली की यात्रा में व्यस्त हैं। सिद्दरमैया के घर नाश्ता, डीके शिवकुमार के घर रात का खाना। यही सब हो रहा है।



