
उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-6 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि रात के तापमान में गिरावट की वजह पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाला पश्चिमी विक्षोभ है. इसकी वजह से बर्फ से ढके पहाड़ी क्षेत्रों से ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं की चपेट में प्रदेश आ गया है. इस मौसमी कारण से उत्तर प्रदेश के मध्य भागों में न्यूनतम तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे ठंड में वृद्धि हुई है.
लखनऊ और आसपास के इलाकों में देर रात और सुबह के समय मध्यम कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. अगले दो दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 17 और 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
न्यूनतम तापमान में आ सकती है थोड़ी और गिरावट:- आईएमडी ने कहा कि अगले 24-48 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के अन्य भागों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी और गिरावट आ सकती है और उसके बाद तापमान में वृद्धि हो सकती है. राज्य के कई इलाकों में 15-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, लगातार कोहरे और साफ आसमान न होने के कारण कई क्षेत्रों में दिन के समय भी ठिठुरन बनी रही.
लखनऊ में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस:- लखनऊ में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है. सापेक्ष आर्द्रता 55 से 91 प्रतिशत के बीच रही. आईएमडी के मुताबिक बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस, कानपुर शहर में 3.2 डिग्री सेल्सियस, इटावा में 3.8 डिग्री सेल्सियस, शाहजहांपुर में 4.6 डिग्री सेल्सियस और हरदोई में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम हैं.
उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना:- अधिकांश जिलों में दिन का तापमान मौसम के औसत से नीचे दर्ज किया गया जबकि राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई. मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.



