सुरेश मिनोचा एमसीबी : ज्ञान, विद्या और विवेक की आराधना का पावन पर्व बसंत पंचमी पूरे देश के साथ साथ एमसीबी जिले में भी अत्यंत श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की पूजा अर्चना विधिविधान से संपन्न की गई।
इसी क्रम में आमाखेरवा रोड स्थित आदर्श पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट परिसर में बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर माँ सरस्वती की भव्य पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने माँ सरस्वती के समक्ष विद्या, बुद्धि, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूजन अवसर पर संस्था के संचालक रमेश सोनी और सह संचालक श्रीमती संजू सोनी ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बसंत पंचमी के धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी केवल एक पर्व नहीं बल्कि यह विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान, सृजनशीलता और सकारात्मक सोच का संचार करने वाला अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी माँ सरस्वती के स्वरूप, वीणा, हंस एवं श्वेत वस्त्रों के प्रतीकात्मक अर्थों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन और आत्मविकास के मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर शिक्षक सोहन यादव, शिक्षिका साक्षी मिश्रा, रिंकी सिंह, मनीषा सिंह सहित अंजली यादव, मानसी गुप्ता, नैंसी, पूजा, पार्वती, काजल, प्रिया पुरी, जागृति शुक्ला, अमन, सुषमा, राहुल, राजीव, शानू कुमार, आयुष, चांदकुमारी, रोशनी पनिका, संगीता, भुवनेश्वरी, मुस्कान, दीपक, ऋषभ, बिफना, प्रियंका, रागिनी सहित बड़ी संख्या में अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर भक्तिमय और अनुशासित वातावरण से ओत-प्रोत रहा। अंत में सामूहिक आरती, वंदना और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति नई प्रेरणा का संचार किया।



