Home छत्तीसगढ़ किरंदुल: ए.एम.एन.एस. के सहयोग से बंगाली कैंप तालाब का होगा सौंदर्यकरण, मिलेगी...

किरंदुल: ए.एम.एन.एस. के सहयोग से बंगाली कैंप तालाब का होगा सौंदर्यकरण, मिलेगी आधुनिक सुविधाएँ

0

एस एच अज़हर अमन पथ किरंदुल  : किरंदुल नगर के बंगाली कैंप में स्थित तालाब के सौंदर्यकरण की मांग नगरवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। यह क्षेत्र का एकमात्र बड़ा सार्वजनिक तालाब है, जहाँ प्रतिवर्ष भगवान गणेश एवं माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। इसके अलावा मुंडन संस्कार सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम भी इसी तालाब परिसर में संपन्न होते हैं।

नगरवासियों की इस महत्वपूर्ण मांग को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने ए.एम.एन.एस. के महा प्रबंधक राघवेलू सर एवं प्रोजेक्ट हेड कल्याण सर से मुलाकात कर तालाब के सौंदर्यकरण एवं विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। चर्चा के उपरांत ए.एम.एन.एस. प्रबंधन द्वारा बंगाली कैंप तालाब के सौंदर्यकरण कार्य हेतु सहमति प्रदान की गई।

इसी क्रम में दिनांक 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह, वार्ड पार्षद देवकी ठाकुर, ए.एम.एन.एस. के महाप्रबंधक राघवेलु, तेज प्रकाश सहित अन्य अधिकारियों ने तालाब स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तालाब के सौंदर्यकरण के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था एवं बैठने की सुविधा विकसित किए जाने की जानकारी दी गई।

निरीक्षण के उपरांत विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि बंगाली कैंप स्थित तालाब का सौंदर्यकरण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विधायक निधि से तालाब के समीप स्थित हनुमान मंदिर के पास बोरिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को पेयजल सुविधा मिल सकेगी।

इस महत्वपूर्ण पहल पर वार्ड पार्षद देवकी ठाकुर ने क्षेत्रीय विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह एवं ए.एम.एन.एस. प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं नगरवासियों ने तालाब सौंदर्यकरण की स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here