Home छत्तीसगढ़ ‘जिस घर में बेटियाँ होती हैं, वहाँ होता है समृद्धि और सकारात्मक...

‘जिस घर में बेटियाँ होती हैं, वहाँ होता है समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का वास’

0

महासमुंद :  स्थानीय शंकराचार्य संस्कृतिक भवन में राष्ट्रीय बालिका दिवस एवं महिला जागृति शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा रहे, अध्यक्षता नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने की। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि बालिकाएं आज हर क्षेत्र में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं, विशेषकर खेलों में उन्होंने देश-प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने बालिकाओं में धैर्य, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा— जिस घर में बेटियाँ होती हैं, वहाँ समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है।

इस अवसर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को शॉल-श्रीफल से सम्मानित किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल में पदक के लिए दिव्या रंगारी , सब-जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतिनिधित्व के लिए नवलीन कौर, पदमा साहू (राष्ट्रीय शालेय तीरंदाजी में कांस्य पदक) , लीना सोनवानी (राज्य स्तरीय नेटबॉल रजत पदक), भुवनेश्वरी यादव (राज्य स्तरीय बास्केटबॉल स्वर्ण पदक) सहित अन्य प्रतिभाशाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी टिकेंद्र जटवार ने बताया कि राष्ट्रीय बालिका दिवस वर्ष 2008 से मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बाल विवाह, लैंगिक असमानता, कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं के विरुद्ध जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं को भी सम्मानित किया गया तथा महिला सशक्तिकरण के लिए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सुधा रात्रे ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here