Home छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ व जागरूकता कार्यक्रम

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ व जागरूकता कार्यक्रम

0

बागबाहरा : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बागबाहरा में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने एवं मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बागबाहरा नमिता मारकोले ने शिक्षक मतदाताओं को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक रूप से मतदान करने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव से मुक्त रहकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई।इस अवसर पर एसडीएम नमिता मारकोले ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की सफलता जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय मतदाताओं पर निर्भर करती है। शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है, इसलिए उसकी भूमिका केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों,अभिभावकों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को मताधिकार के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन शाखा की ओर से मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

निर्वाचन शाखा प्रमुख द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के अंतर्गत मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नाम जोड़ने-घटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही उपस्थित शिक्षक मतदाताओं से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की जांच कर नागरिकों को सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करें। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील भी की गई।राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में राजस्व विभाग एवं शिक्षा विभाग के मध्य सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ एसडीएम द्वारा किया गया। यह मैच आपसी समन्वय एवं सौहार्द का प्रतीक रहा। रोमांचक मुकाबले में शिक्षा विभाग की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजस्व विभाग की टीम को पराजित कर विजय प्राप्त की।कार्यक्रम में तहसीलदार बागबाहरा नितीन ठाकुर, तहसीलदार कोमाखान हरिशकान्त ध्रुव, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामता डे, निर्वाचन शाखा प्रमुख राजेश कौशिक, शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश बघेल सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मतदाता जागरूकता को निरंतर बनाए रखने के संदेश के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here