राधेश्याम सोनवानी गरियाबंद / कोपरा : गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्नेहलता हुमने रहीं, जिन्होंने समारोह में उपस्थित होकर स्वास्थ्य कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गुणवत्ता कार्यक्रम (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स – NQAS) प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विजेता बनने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा के समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में आरएमए आर.एस. चंद्रा, एनएमए दौवा राम चक्रधारी, नेत्र सहायक अधिकारी योगानंद चक्रधारी, सेक्टर सुपरवाइजर रमेश कुमार साहू, तेजन साहू, स्टाफ नर्स द्विज राम वर्मा, काजल साहू, फार्मासिस्ट सुषमा बिसेन, स्टाफ नर्स अनीता साहू, आरएचओ पूनम सिन्हा, ड्रेसर उत्तम घोघरे, सहायक ग्रेड-03 शोभना पटेल, लक्ष्मण साहनी, माहेश्वरी नंदे, गिरीश साहू, आरएचओ दुलेश्वरी साहू, भारत भूषण वर्मा, उमेश साहू, विक्रम सिन्हा, भावेश साहू, राहुल दिवाकर, सुरेश घोघरे सहित अन्य स्टाफ शामिल रहे।
अपने संबोधन में डॉ. स्नेहलता हुमने ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, हरियाली और सौंदर्य की सराहना करते हुए कहा कि यहां आने वाले मरीज अस्पताल के सकारात्मक वातावरण को देखकर मानसिक रूप से स्वस्थ महसूस करते हैं और डॉक्टरों के समर्पित उपचार से शीघ्र स्वस्थ हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास का परिणाम है।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
आरएचओ पूनम सिन्हा को उत्कृष्ट कार्य हेतु पुनः सम्मान
गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा में पदस्थ आरएचओ पूनम सिन्हा को कोपरा सेक्टर में लगातार दूसरी बार सर्वाधिक प्रसव एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा के लिए सम्मानित किया गया।खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्नेहलता हुमने ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



