Home छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय हैंडबॉल में मनेन्द्रगढ़ का परचम, छात्र आशीष कुमार सिंह का हुआ...

राष्ट्रीय हैंडबॉल में मनेन्द्रगढ़ का परचम, छात्र आशीष कुमार सिंह का हुआ राष्ट्रीय स्तर पर चयन

0

सुरेश मिनोचा एमसीबी :  मनेन्द्रगढ़ के लिए यह क्षण गर्व और गौरव से भरा हुआ है। शासकीय बालक क्रीड़ा परिसर, मनेन्द्रगढ़ में अध्ययनरत होनहार छात्र आशीष कुमार सिंह ने राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर जिले और संस्थान का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता हैंडबॉल का आयोजन गुजरात के सोमनाथ में 27 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें आशीष कुमार सिंह, पिता श्री सूरज सिंह, राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि शासकीय बालक क्रीड़ा परिसर में वर्ष 2023 से हैंडबॉल का नियमित और सघन प्रशिक्षण प्रशिक्षक श्रीमती मीना प्रजापति के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। उनके समर्पित प्रयासों, अनुशासित प्रशिक्षण और सतत मेहनत के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों ने बीते वर्षों में राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। पिछले तीन वर्षों में क्रीड़ा परिसर के कई छात्रों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

सत्र 2025-26 में आशीष कुमार सिंह का राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन होना इस निरंतर प्रशिक्षण, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह उपलब्धि न केवल आशीष की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे क्रीड़ा परिसर, प्रशिक्षकों और जिले के लिए प्रेरणास्रोत भी है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त सुश्री अंकिता मरकाम ने प्रशिक्षक श्रीमती मीना प्रजापति एवं छात्र आशीष कुमार सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here