Home छत्तीसगढ़ दुतकैय्या में भारी तनाव के बाद स्थिति नियंत्रण में, मुख्य आरोपी आरिफ...

दुतकैय्या में भारी तनाव के बाद स्थिति नियंत्रण में, मुख्य आरोपी आरिफ खान समेत 3 गिरफ्तार

0

राजिम :  गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुतकैय्या खपरी में 1 फरवरी को हुई सिलसिलेवार हिंसक वारदातों के बाद तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी. पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से वर्तमान में गांव में शांति बनी हुई है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने खुद कमान संभालते हुए ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है.

पुरानी रंजिश और सिलसिलेवार हमले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी आरिफ खान का आपराधिक इतिहास रहा है. वर्ष 2024 में बावेश्वर शिव मंदिर में तोड़फोड़ के मामले में भी वह आरोपी था, जिसमें जमानत पर बाहर आने के बाद उसने रविवार को फिर से उत्पात मचाया. 1 फरवरी की दोपहर 3:00 से 3:30 बजे के बीच आरिफ खान ने अपने साथियों इमरान सिद्धकी और सलीम खान के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते चार अलग-अलग स्थानों पर हिंसक वारदातों को अंजाम दिया.

  1. पहला हमला: ग्राम बासीन के पेट्रोल पंप के पास रेखराम यादव के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई.
  2. दूसरा हमला: धान मंडी धमनी के पास ललित कुमार साहू का रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की गई.
  3. तीसरी वारदात (लूट): परसदाजोशी स्थित सब स्टेशन कार्यालय में घुसकर अरविंद साहू के साथ मारपीट की गई और उसका मोबाइल व नकदी लूट ली गई.
  4. चौथा हमला: अरंड रोड बकली के पास नरेंद्र कुमार साहू को डंडे से पीटकर घायल किया गया और उसका मोबाइल भी छीन लिया गया.

3 घंटे में दबोचे गए आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आई. तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर महज 3 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी आरिफ खान, इमरान सिद्धकी और सलीम खान को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया गया. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत चार अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं.

ग्रामीणों का आक्रोश और झड़प में 7 जवान घायल

आरोपियों की हरकतों से ग्राम दुतकैय्या खपरी में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया. आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में आरोपी के घर के पास एकत्रित होने लगे. भीड़ को नियंत्रित करने और जान-माल की सुरक्षा के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस के 7 जवान घायल हुए हैं, जिनमें से एक गंभीर रूप से घायल जवान का इलाज रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में चल रहा है. घटना में दो ग्रामीणों (राजू खान और अनवर खान) के भी घायल होने की खबर है, जिन्हें उपचार हेतु रायपुर रेफर किया गया है.

शांति व्यवस्था और प्रशासन की अपील

वर्तमान में गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और थाना प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद हैं. स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है. गरियाबंद एसपी वेदव्रत सिरमौर ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की वैमनस्यता या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने ग्रामीणों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और वैधानिक कार्यवाही में प्रशासन का साथ देने का आग्रह किया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here