Home देश युमनाम खेमचंद सिंह होंगे मणिपुर के नए मुख्यमंत्री, चुने गए विधायक दल...

युमनाम खेमचंद सिंह होंगे मणिपुर के नए मुख्यमंत्री, चुने गए विधायक दल के नेता

0

मणिपुर में महीनों से चल रही सियासी उठापठक अब खत्म हो गई है। यहां युमनाम खेमचंद सिंह को मणिपुर में विधायक दल का नेता चुना गया है। युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के अगले मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में मणिपुर के बीजेपी विधायकों की बैठक हुई। बीजेपी महामंत्री तरुण चुग और संबित पात्रा ने यह बैठक की। बैठक में कुल 35 विधायक मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक दो विधायक अस्वस्थ होने के चलते बैठक में मौजूद नहीं हो सके।

बीजेपी विधायक ने किया स्वागत

मणिपुर से बीजेपी विधायक थोकचोम राधेश्याम सिंह ने कहा, “यह अच्छी बात है कि हमारी एक चुनी हुई सरकार, एक लोकप्रिय सरकार बनने जा रही है। इसकी बहुत पहले से ज़रूरत थी। इसलिए हम इस कदम को उठाने के लिए केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद देते हैं। हर समस्या का समाधान होता है। मुझे लगता है कि केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और युमनाम खेमचंद के नेतृत्व में नई मिनिस्ट्री के साथ, हम समाधान ढूंढ लेंगे।”

एन बीरेन सिंह ने दिया था इस्तीफा

बता दें कि मणिपुर में बीजेपी के पास बहुमत है, लेकिन मैतेयी और कुकी समुदाय के बीच हिंसक झड़प के चलते मुख्यमंत्री ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही यहां मणिपुर में सरकार गिर गई थी। एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद से ही राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है। अब यहां के हालात ठीक हो रहे हैं। ऐसे में बीजेपी ने दोबारा सरकार बनाने की पहल शुरू की।

पिछले साल लगा था राष्ट्रपति शासन

दरअसल, मणिपुर में पहली बार 13 फरवरी, 2025 को मेइती और कुकी समुदायों के बीच महीनों तक चली जातीय हिंसा के बाद छह महीने के लिए राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। अगस्त 2025 में इसे और छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया था। मणिपुर के जो नेता दिल्ली आए, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, मौजूदा समय में स्थगित विधानसभा के अध्यक्ष सत्यब्रता सिंह और वाई खेमचंद सिंह भी शामिल थे। भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष ए शारदा देवी भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौजूद हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here