
पश्चिम बंगाल में नेशनल हाईवे नंबर-16 पर शनिवार को एक तेज रफ्तार बस खड़गपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. 70 यात्रियों से भरी बस का टायर फटने की वजह से हुए इस हादसे में एक महिला की मौत हो गयी. 20 अन्य घायल हुए हैं. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया है.
अमलाशुली से दीघा जा रही थी यात्री बस:- घटना पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर ग्रामीण थाना अंतर्गत साकुआ इलाके में हुई. तेज रफ्तार यात्री बस ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गयी. दुर्घटना में महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गयी. पुलिस ने बताया कि अमलाशुली से दीघा जा रही यात्री बस का चालक एक अन्य बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था.
टायर फटते ही आउट ऑफ कंट्रोल हुई बस:- इसी दौरान बस का एक टायर फट गया. इसकी वजह से बस अनकंट्रोल्ड हो गयी और सड़क पर ही पलट गयी. दुर्घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर ग्रामीण थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. क्रेन की सहायता से बस को सड़क से हटाया गया. घायल यात्रियों को खड़गपुर अनुमंडल अस्पताल और मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. कुछ घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है.
मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे ट्रैफिक एएसपी:- एडीशनल एसपी (ट्रैफिक) मनोरंजन घोष ने मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज जाकर घायलों का हालचाल जाना. उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस में करीब 70 यात्री सवार थे. दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एनएच-16 पर यातायात बाधित हो गया. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि 2 बसों की रेस की वजह से हादसा हुआ. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बाद में यातायात सामान्य हो गया.



