Home देश 500 करोड़ मानहानि केस : बघेल बोले-हिमंता को देंगे जवाब, साहस है...

500 करोड़ मानहानि केस : बघेल बोले-हिमंता को देंगे जवाब, साहस है तो समिति गठित करें

0

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा 500 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा दर्ज कराए जाने पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया दी है। बघेल ने मंगलवार को हा कि अपने और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ दर्ज कराए गए इस केस का वह जवाब देंगे।

बघेल ने कहा कि असम के सीएम को पहले यह बताना चाहिए कि 12,000 बीघा जमीन पर अतिक्रमण हुआ है कि नहीं? यही सवाल गौरव गोगोई ने उठाया है। सीएम को केस दर्ज कराने की बजाय एक समिति गठित कर संपत्ति की जांच करानी चाहिए थी। सरमा में यदि साहस है तो उन्हें समिति गठित करनी चाहिए। फिलहाल, हम मानहानि के मामले का जवाब देंगे।

हिमंता परिवार पर भूमि कब्जाने का आरोप

असम के मुख्यमंत्री ने उनके व उनके परिवार के खिलाफ ‘भूमि कब्जाने’ के आरोप लगाने को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध 500 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई पर हाल में एक प्रेस वार्ता के दौरान ‘झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक आरोप’ लगाने का इल्जाम लगाया, जिसके कारण उनके खिलाफ कानूनी मुकदमा दायर किया गया। बोंगाईगांव में एक आधिकारिक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बातचीत में शर्मा ने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि मेरे पास 12,000 बीघा (3,960 एकड़ से अधिक) बेनामी जमीन है। मैंने अदालत में मुकदमा दायर किया है ताकि वे अदालत के समक्ष ही सूची प्रस्तुत कर सकें।’

उन्होंने कहा कि अगर वे सूची उपलब्ध नहीं करा पाते हैं, तो उन्हें 500 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा। इससे पहले शर्मा ने एक्स पर कहा,’आज मैंने कांग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के खिलाफ प्रेस वार्ता के माध्यम से मेरे खिलाफ झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक आरोप लगाने के लिए 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करते हुए मानहानि का मुकदमा दायर किया है।’ यहां चार फरवरी को एक संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि पार्टी की ‘जांच’ से पता चला है कि ‘राज्य भर में मुख्यमंत्री और उनके परिवार द्वारा लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा किया गया है।’

‘मेरे लिए सफेद सफेद है, काला काला है’

सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री का विवादित वीडियो प्रसारित करने को लेकर कांग्रेस द्वारा भाजपा के खिलाफ गुवाहाटी में शिकायत दर्ज कराने के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा कि वह पहले की तरह ही अपनी बात कहते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने ‘अवैध बांग्लादेशियों’ के खिलाफ अपने रुख का स्पष्ट जिक्र करते हुए कहा, ‘यह अच्छी बात है कि उन्होंने मामला दर्ज कराया है… सांप्रदायिक का क्या मतलब है? आप सभी जानते हैं कि मैं किसके खिलाफ हूं।’ शर्मा ने कहा ‘अगर मेरे खिलाफ मामला दर्ज होगा तो मेरा क्या होगा? मेरे लिए सफेद सफेद है, काला काला है। वे मुझे डरा नहीं सकते। सिबानी बोरा, दिगंता बर्मन, उनके मालिक राहुल गांधी मेरे खिलाफ मामला दर्ज करा सकते हैं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here