
महासमुंद :शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरक पहल करते हुए जनपद पंचायत बसना के सभापति व क्षेत्र क्रमांक-21 अंकोरी के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जनपद क्षेत्र सहित पूरे फुलझर अंचल के किसी भी विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कक्षा 10वीं या 12वीं की बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में स्थान प्राप्त करने पर उन्हें व्यक्तिगत रूप से तीन माह का मानदेय प्रदान किया जाएगा।
श्री सिन्हा ने कहा कि ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा, प्रोत्साहन और अवसर देने की है। उनके अनुसार शिक्षा ही समाज और क्षेत्र के विकास की सबसे सशक्त नींव है। यह पहल केवल सम्मान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक प्रयास है। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को भावनात्मक सहयोग, अनुशासन और अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करें, ताकि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।
इस घोषणा से प्रेरित होकर अंकोरी विद्यालय के प्राचार्य यज्ञ राम सिदार ने भी विद्यार्थियों के लिए प्रोत्साहन योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राएं यदि मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करते हैं, तो उन्हें प्राचार्य की ओर से 10 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। प्राचार्य सिदार ने विश्वास जताया कि इस पहल से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी और विद्यालय के शैक्षणिक परिणाम नई ऊँचाइयों तक पहुंचेंगे। क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यह पहल निश्चित रूप से प्रेरणादायक मानी जा रही है।



