Home छत्तीसगढ़ परीक्षा जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं, बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का...

परीक्षा जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं, बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का माध्यम है: डॉ. लंगेह

0

महासमुंद:  शहर के श्याम बालाजी कॉलेज में शनिवार दोपहर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और परीक्षा-पूर्व मानसिक तैयारी को लेकर स्वास्थ्य शिविर एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज और आस्था वेलफेयर एवं एजुकेशन सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. एकता लंगेह थीं, जबकि अध्यक्षता नगरपालिका परिषद महासमुंद के अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने की। विशिष्ट अतिथि तारा चंद्राकर, मधु शर्मा और निरंजना चंद्राकर रहीं। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दौरान डॉ. विकास, डॉ. सुजाता और मनोरोग विभाग से डॉ. टिकेश्वरी साहू ने विद्यार्थियों और उपस्थितों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

मुख्य अतिथि डॉ. एकता लंगेह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा नजदीक आते ही बच्चों में मानसिक तनाव और अस्थिरता होना स्वाभाविक है, लेकिन समय रहते उनकी भावनाओं को समझकर सहयोग करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का एक माध्यम है। माता-पिता और शिक्षक मिलकर बच्चों को तनाव से बाहर निकाल सकते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निखिलकांत साहू ने कहा कि परीक्षा का डर दूर करने में पालक और शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजाना नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने की सलाह दी, ताकि परीक्षा आत्मविश्वास के साथ दी जा सके। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. टिकेश्वरी साहू ने विद्यार्थियों को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या, पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद और मोबाइल के सीमित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एकाग्रता और सकारात्मक सोच से परीक्षा के बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

निरंजना चंद्राकर ने कहा कि हर बच्चे में प्रतिभा होती है, जरूरत उसे पहचानने और प्रोत्साहित करने की है। उन्होंने पालकों से बच्चों के स्वास्थ्य, खान-पान और पढ़ाई के वातावरण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मधु शर्मा ने सभी को स्वास्थ्य जागरूकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन तारिणी चंद्राकर ने व आभार व्यक्त तारा चंद्राकर ने किया। इस अवसर पर शबनम धनवानी, भारती भान साहू, तुषार चंद्राकर, आस्था वेलफेयर सोसायटी के सदस्य, कॉलेज के विद्यार्थी और स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here