
नई दिल्ली : टीम इंडिया के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में शानदार पारी खेली। वे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक संघर्ष करते हुए दिखाई दिए थे लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्हें फिनिशर का नया रोल मिला। तिलक ने अपनी नई भूमिका को बखूबी निभाया उन्होंने 44 रनों की पारी खेलकर टीम इंडिया को 250 के पार पहुंचाया।
तिलक टी20 वर्ल्ड कप में धीमी बल्लेबाजी कर रहे थे, जिसकी वजह से उनकी आलोचना हो रही थी। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में वे शानदार लय में दिखाई दिए। अच्छा प्रदर्शन करने के बाद तिलक ने बताया कि वे टीम के हित के लिए सब कुछ करेंगे। उनका कहना था कि टीम उन्हें, जो भी रोल देगी, उसे निभाने से वे पीछे नहीं हटेंगे।
जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले तिलक संघर्ष करते हुए दिखाई दे रहे थे। इसके चलते उन्हें ड्रॉप करने की बातें होने लगी थी। चेन्नई में खेले गए मुकाबले से पहले तिलक का टूर्नामेंट में स्कोर 25, 25, 25, 31 और 1 रन था। यही नहीं उनका स्ट्राइक रेट भी 120 से नीचे का था।



