
बिलासपुर :शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद चल रहे अवैध हुक्का बार पर पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर, पलाश-16 स्थित एक मकान में संचालित हुक्का बार में युवाओं को प्रति घंटे 500 रुपए में हुक्का परोसा जा रहा था। टीआई प्रदीप आर्या ने अपनी टीम के साथ मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस ने इस दौरान संचालक अथर्व पांडेय उर्फ चिंकू, मैनेजर विनीत एलानी समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से हुक्का पॉट, फ्लेवर, कोल हीटर, सिल्वर फॉयल और नोजल जैसी सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा, मैनेजर के पास से 4000 रुपए नकद भी बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, हुक्का बार में युवाओं को तंबाकू वाला फ्लेवर मिलाकर हुक्का परोसा जाता था। अवैध कारोबार स्कूल के पास चलने के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त थी। संचालन के दौरान किन्सू विश्वास, यथार्थ कश्यप और समीर पटेल हुक्का पीते हुए पकड़े गए। संचालक और मैनेजर से वैध लाइसेंस या अनुमतिपत्र की जानकारी पूछने पर वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने कुल 20 हजार रुपए मूल्य की सामग्री जब्त की है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध नशे और तंबाकू उत्पादों पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी। आरोपियों के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (COTPA) की धारा 4, 21(1), 21(2) और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अवैध हुक्का बार के बंद होने से क्षेत्र में नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि युवा पीढ़ी सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में रहें। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोग भी संतुष्ट हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में स्कूल और आसपास के इलाके में नशीले कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगेगा।



