
खरोरा : ग्रामीण पुलिस ने ग्राम खरोरा निवासी 27 वर्षीय किशोर सारथी की हत्या की गुत्थी चंद घंटों में सुलझाते हुए महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी जब्त कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को भागवत सारथी ने थाना खरोरा में सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर सारथी का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत होने पर अपराध क्रमांक 125/2026 धारा 103(1) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतक की पत्नी से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि उसका लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था। इस संबंध की जानकारी होने के बाद पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद हो रहा था। इससे परेशान होकर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।योजना के तहत 27 फरवरी की रात करीब 9 बजे पत्नी ने किशोर को बहन को ग्राम बिठिया से लाने का बहाना बनाकर घर से भेजा। पहले से घात लगाए बैठे लिलेश और उसके दो साथियों ने ग्राम खरोरा-रायपुर मार्ग पर थार वाहन से किशोर की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साजिश का पर्दाफाश हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।थाना खरोरा पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक गंभीर हत्या प्रकरण का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।



