
राधेश्याम सोनवानी गरियाबंद : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्वावलंबी महिला विकास समिति गरियाबंद, गायत्री परिवार एवं महिला पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय नारी की भूमिका, शक्ति और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गंगा अग्रवाल, राज्य सहप्रभारी, महिला पतंजलि योग समिति उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिंदु बहन, संचालिका ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ममता साहू, राज्य कार्यकारिणी सदस्या, महिला पतंजलि एवं नूतन श्रीवास, गायत्री परिवार मौजूद रहीं।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। नगर पालिका की पार्षदों को नेतृत्व के क्षेत्र में, पार्वती बघेल, क्लस्टर अध्यक्ष, मैनपुर ब्लॉक को जेंडर समानता जागरूकता के लिए, रमा जावलकर को बाल विवाह मुक्त अभियान में उत्कृष्ट योगदान तथा रानी निषाद को ईको-फ्रेंडली आर्ट में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय नारी केवल परिवार ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की भी आधारशिला है। “नारी से नारायणी” का भाव महिलाओं की शक्ति, समर्पण और नेतृत्व का प्रतीक है। कार्यक्रम “दान से लाभ (Give to Gain)” की भावना पर आधारित रहा, जिसमें नारी के त्याग, सेवा और समाज निर्माण में योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। कार्यक्रम होली के उत्साह और उमंग के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें जिले की बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं समाजसेवी महिलाएं उपस्थित रहीं।



