Home देश रसोई से रेस्टोरेंट तक गैस का संकट! बंद होने की कगार पर...

रसोई से रेस्टोरेंट तक गैस का संकट! बंद होने की कगार पर होटल-रेस्टोरेंट….

0

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जंग का असर अब भारत में रसोई तक पहुंचने लगा है. देश के कई शहरों में एलपीजी संकट देखने को मिल रहा है. कई जगह लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में देखा जा रहा है. होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों के सामने भी संकट खड़ा हो गया है. कई जगहों से सिलेंडर की कालाबाजारी की खबरें आ रही हैं. जरूरतमंदों से मनमाने पैसे वसूले जा रहे हैं. गैस के इस संकट पर सियासत का रंग भी चढ़ गया है. विपक्ष सरकार पर आपूर्ति व्यवस्था संभालने में नाकाम रहने का आरोप लगा रहा है. वहीं, सरकार का कहना है कि वैश्विक हालात का असर अस्थाई है.सबसे पहले बात करते हैं देश की राजधानी दिल्ली की. यहां एलपीजी सप्लाई खत्म होने के डर से लोग सिलेंडर लेकर गैस एजेंसी के बाहर लाइन में लगे देखे जा रहे हैं. ऐसी तस्वीरें दिल्ली में कई जगह देखने को मिल रही है. वहीं,पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष की वजह से सप्लाई में रुकावट की खबरों के बीच चंडीगढ़ में लोगों ने एलपीजी सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि मौके का फायदा उठाकर कुछ लोग कालाबाजारी में लग गए हैं.

गुजरात में 50 प्रतिशत तक की कटौती:- गैस आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंता के बीच गुजरात सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति ना रुके इसके लिए उद्योगों को होने वाली गैस आपूर्ति में 50 फीसदी तक कटौती कर दी है. राज्य सरकार में ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी भी घर में रसोई गैस सिलेंडर की कमी न हो. गैस की घरेलू खपत को प्राथमिकता देने के लिए कुछ औद्योगिक उपयोगों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं.

राजस्थान में कैसे हैं हालात:- इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर राजस्थान में भी दिखने लगा है. तेल कंपनियों ने रसोई गैस के घटते स्टॉक को देखते हुए कमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगाई है. गैस एजेंसियों को केवल घरेलू उपयोग के सिलेंडर की डिलीवरी पर ही फोकस करने के लिए कहा गया है. कंपनियों के इस फैसले का असर औद्योगि​क इकाइयों, रेस्टोरेंट्स और होटलों पर दिखने लगा है. जयपुर में 8500 मिठाई की दुकानों समेत 50 हजार होटल-रेस्टोरेंट हैं, जिनमे 3 लाख लोग जुड़े हैं.

लखनऊ में भी छाए संकट के बादल:- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर संकट के बादल छाए हैं. सोमवार से पहले बुकिंग करवा चुके कमर्शियल उपभोक्ताओं को ही आपूर्ति की जा रही है. नई बुकिंग बंद होने से रेस्टोरेंट, बैंक्वेट और कैटरिंग पर संकट के बादल छाए हैं. फिलहाल, एजेंसियों के पास स्टॉक है लेकिन तीन-चार दिन में संकट आना तय माना जा रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here