बिलासपुर : जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग ने व्यापक कार्रवाई करते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर 7 वाहनों को जप्त किया है। इस कार्रवाई ने खनिज के अवैध कारोबार में सीधे संदेश दिया है कि अब ढील की कोई गुंजाइश नहीं बची है।
जिले के कोटा, बेलगहना, कोनचरा, बिरकोना, सरकंडा, सिरगिट्टी, सिलपहरी, चकरभाठा और मुढ़िपार जैसे इलाकों में एक साथ जांच अभियान चलाया गया। यह सिर्फ औपचारिक कार्रवाई नहीं रही, बल्कि जमीन पर उतरकर की गई सख्त निगरानी का नतीजा रही।
कोनचरा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। सिलपहरी में साधारण पत्थर का अवैध उत्खनन करते एक जेसीबी और एक हाइवा मौके पर ही जप्त किया गया। वहीं चकरभाठा में मुरुम के अवैध परिवहन में लगे 3 हाइवा वाहन कार्रवाई की जद में आए।
इस तरह कुल 7 वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना सिरगिट्टी और चकरभाठा में अभिरक्षा में रखा गया है।
यह कार्रवाई सिर्फ जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध खनन नेटवर्क को सीधी चेतावनी है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



