मार्च का महीना अब खत्म होने जा रहा है। ऐसे में शरीर को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है। जब प्यास गले को सुखा देती है, तो अक्सर हमारा हाथ कोल्ड ड्रिंक्स की ओर बढ़ता है, लेकिन क्या आप जानते हैं सत्तू, छाछ और नींबू पानी बाजार में मिल रहे कोल्ड ड्रिंक और सोडा से ज्यादा फायदेमंद है।
आइए आपको इस लेख में विस्तार से बताएंगे कि गर्मी में सत्तू, छाछ या फिर नींबू पानी क्या पीना ज्यादा फायदेमंद है?
गर्मी में सत्तू पीने के फायदे
सत्तू सिर्फ एक ड्रिंक नहीं, बल्कि एक पूरा भोजन है। उत्तर भारत, खासकर बिहार और यूपी में इसे बड़े ही शौक से खाया-पीया जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन और फाइबर होता है। यह पेट को लंबे समय तक भरा रखता है। जो लोग धूप में बाहर काम करते हैं या जिन्हें तुरंत एनर्जी की जरूरत होती है। यह लू से बचाने में रामबाण है। अगर आपको गैस या ब्लोटिंग की समस्या है, तो सत्तू का सेवन सीमित मात्रा में करें।
गर्मी में छाछ पीने के फायदे
दोपहर के खाने के बाद एक गिलास छाछ अमृत के समान है। यह न केवल शरीर को ठंडा करती है, बल्कि पाचन तंत्र को भी दुरुस्त रखती है। इसमें लैक्टिक एसिड और प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो पेट की जलन को शांत करते हैं। यह कैल्शियम और विटामिन का भी अच्छा स्रोत है। जिन्हें एसिडिटी, अपच या भारी भोजन के बाद बेचैनी महसूस होती है। उनके लिए यह ज्यादा फायदेमंद है। साथ ही वजन घटाने के लिए भी असरदार है।
गर्मी में नींबू पानी पीने के फायदे
नींबू पानी सबसे आसान ड्रिंक है। इसमें विटामिन C से भरपूर यह पेय आपकी थकान को मिनटों में मिटा सकता है। यह शरीर के इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस को बनाए रखता है। अगर आप इसमें काला नमक और भुना जीरा मिलाते हैं, तो यह और भी गुणकारी हो जाता है।जिम जाने वालों या वर्कआउट के बाद पसीना बहाने वालों के लिए यह बेस्ट है। यह बॉडी को डिटॉक्स करने में भी मदद करता है।



