Home छत्तीसगढ़ पत्रकार भवन चैनपुर में अधिमान्य पत्रकार नेतृत्व समिति द्वारा किया गया भव्य...

पत्रकार भवन चैनपुर में अधिमान्य पत्रकार नेतृत्व समिति द्वारा किया गया भव्य सम्मान समारोह, पत्रकारों की एकता और भूमिका पर हुआ मंथन

0

सुरेश मिनोचा एमसीबी/ मनेंद्रगढ़ :  रविवार की शाम पत्रकार भवन चैनपुर मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) में अधिमान्य पत्रकार नेतृत्व समिति द्वारा भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ, जिसमें जिले भर के पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात अधिमान्य पत्रकार नेतृत्व समिति के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि एवं मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा सभी अतिथियों का शाल-श्रीफल देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अधिमान्य पत्रकार नेतृत्व समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डल्लू कुमार सोनी, प्रदेश अध्यक्ष द्रोणाचार्य दुबे, भरतपुर-सोनहत विधानसभा के पूर्व विधायक गुलाब कमरों, जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र वस्त्रकार, मंडला जिलाध्यक्ष, एमसीबी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रंजीत सिंह तथा चिरमिरी-खड़गवां पत्रकार संघ के अध्यक्ष राजेश उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में जिले के पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष द्रोणाचार्य दुबे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे, जिससे पत्रकारों के हितों की रक्षा होगी और पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित होंगे।
वहीं पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पत्रकारिता करने वाले पत्रकार भी अपनी मेहनत के बल पर प्रदेश और देश में पहचान बना सकते हैं और यह उसी का परिणाम है।वक्ताओं ने पत्रकारों की भूमिका, समाज में मीडिया की जिम्मेदारी तथा पत्रकार एकता पर अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में पत्रकारों को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता की ताकत ने ही आज कई पत्रकारों को बड़ी जिम्मेदारी तक पहुंचाया है, जो कलम की ताकत का प्रमाण है।

इस दौरान आयोजक मंडल द्वारा मुख्य अतिथि सहित मंच पर आसीन समस्त अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया वही जिले के तीन वरिष्ठ पत्रकारों में श्री राम बरनवाल, प्रवीण निशि और राम प्रसाद गुप्ता को शाल-श्रीफल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का मंच संचालन एमसीबी प्रेस क्लब के संरक्षक सतीश गुप्ता द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र वस्त्रकार ने किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न संगठनों के बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here