Home छत्तीसगढ़ विधायक रोहित साहू ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं चिराग पासवान से...

विधायक रोहित साहू ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं चिराग पासवान से की मुलाकात, राजिम के विकास को मिलेगी नई गति

0

राधेश्याम सोनवानी, गरियाबंद ,राजिम :- राजिम विधानसभा क्षेत्र में यातायात सुविधाओं को सुदृढ़ करने एवं नई सड़कों की स्वीकृति के संबंध में विधायक रोहित साहू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र की आवश्यकताओं से अवगत कराया।नई दिल्ली प्रवास के दौरान हुई इस शिष्टाचार भेंट में विधायक साहू ने गरियाबंद जिले एवं राजिम विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति तथा बढ़ते यातायात दबाव की जानकारी देते हुए कई अहम प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
विधायक रोहित साहू ने नेशनल हाईवे 130-सी के अंतर्गत पाण्डुका से मदांगमुड़ा तक 128 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु डीपीआर तैयार कर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। इसके साथ ही सिंधौरी से पटेवा बाईपास सड़क के निर्माण के लिए भी डीपीआर तैयार कर तत्काल स्वीकृति देने की मांग रखी, ताकि क्षेत्रवासियों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर विधायक साहू ने जिला मुख्यालय गरियाबंद शहर के मजरकटा से डोंगरीगांव तक फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा परिवहन के साथ-साथ व्यापार एवं स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देगी।इसके साथ ही विधायक रोहित साहू ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से भी सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने गरियाबंद जिले एवं राजिम क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु फूड प्रोसेसिंग पार्क स्थापित करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कृषि एवं वन उत्पादों की प्रचुरता है, जिससे फूड पार्क की स्थापना से किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।मुलाकात के दौरान दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने विधायक साहू द्वारा रखे गए विषयों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।विधायक रोहित साहू ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि राजिम एवं गरियाबंद की जनता को बेहतर एवं आधुनिक बुनियादी सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ सड़क नेटवर्क एवं फूड प्रोसेसिंग जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। विधायक रोहित साहू की इस सक्रिय पहल से क्षेत्रवासियों में हर्ष व्याप्त है और लंबे समय से अपेक्षित सड़क एवं औद्योगिक परियोजनाओं को शीघ्र गति मिलने की उम्मीद जगी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here