Home छत्तीसगढ़ महुआ बिनने जंगल गया था ग्रामीण, हाथी ने ली जान

महुआ बिनने जंगल गया था ग्रामीण, हाथी ने ली जान

0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही :  मरवाही वन मंडल में हाथी ने ग्रामीण की जान ले ली। शुक्रवार तड़के जब पूरा गांव सो रहा था, तब महुआ बीनने जंगल गए एक वृद्ध पर हाथी ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना मरवाही वन परिक्षेत्र के सिवनी बीट की है।

ग्राम पंचायत पोंडी के अंतर्गत आने वाले डडिंया गांव के जंगल में सुबह करीब 4 बजे 55 वर्षीय त्रिलोचन सिंह महुआ बीनने गए थे। इसी दौरान उनका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने वृद्ध पर हमला कर उन्हें मौके पर ही कुचल दिया, जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि यह वही अकेला दंतैल हाथी है, जो 1 अप्रैल को कटघोरा के पसान क्षेत्र से निकला था। कुम्हारी रोड और सोन नदी पार करते हुए यह हाथी शुक्रवार सुबह डडिंयाडोंगरी के जंगलों में पहुंचा। वर्तमान में हाथी कक्ष क्रमांक 2093 के पास ही डटा हुआ है, जिससे आसपास के गांवों में भारी दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही सिवनी बीट के वनरक्षक शाहिद खान, पोंडी सरपंच हेमचंद मरावी और मरवाही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। यह इलाका मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा से बेहद करीब है, जिसे देखते हुए सीमावर्ती गांवों में भी अलर्ट जारी किया गया है। मरवाही वन मंडल ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे महुआ बीनने या लकड़ी लेने के लिए फिलहाल जंगलों की ओर रुख न करें और रात के समय विशेष सावधानी बरतें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here