बिहार में मौसम का रंग बदल चुका है. मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों, खासकर उत्तर और पूर्वी बिहार में अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. बुधवार रात से गुरुवार तक तेज हवाओं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है.
कब आएगी तेज हवाएं और बारिश:- मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और उत्तर-पश्चिमी चक्रवातीय सिस्टम के मिलन के कारण बुधवार रात से गुरुवार तक 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही बिजली गिरने और ओलावृष्टि की घटनाएं भी हो सकती हैं.
19 जिलों में येलो अलर्ट:- सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में बारिश और तेज हवा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
पटना में कैसा रहेगा मौसम:-पटना में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन हल्की बूंदाबांदी और दिन के समय उमस बनी रहने की संभावना है. तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहेगा.
गर्मी कब बढ़ेगी:-मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2-3 दिनों में मौसम साफ होने लगेगा. इसके बाद धीरे-धीरे तापमान बढ़कर 35-38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. अप्रैल के मध्य तक बिहार में गर्मी अपने पूरे तेवर दिखा सकती है.



