रायगढ़:- नगर पालिक निगम रायगढ़ महापौर कक्ष में आज दिनांक 10 अप्रैल 2026 को महापौर श्री जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक हुई। बैठक में शहर विकास एवं जनहित से जुड़े सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में अधोसंरचना, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, सड़क एवं नाली निर्माण सहित कई अहम विषयों पर चर्चा करते हुए 29 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों पर निर्णय लिए गए।
बैठक में सबसे प्रमुख रूप से शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। नगर निगम क्षेत्र में स्थापित हजारों विद्युत पोल एवं एलईडी लाइटों के रखरखाव और सुधार कार्य के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता को देखते हुए नए सिरे से निविदा जारी करने तथा 16 अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। इससे शहर की प्रकाश व्यवस्था और अधिक बेहतर होगी।
इसके अलावा विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण कार्यों के स्थान परिवर्तन से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। वार्ड क्रमांक 32, 8, 19 सहित कई क्षेत्रों में नागरिकों की सुविधा और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नालियों के निर्माण स्थलों में बदलाव किया गया है। इससे जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
सड़क निर्माण कार्यों में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वार्ड क्रमांक 47 में सीसी सड़क निर्माण कार्य के स्थान परिवर्तन को मंजूरी दी गई, जिससे स्थानीय निवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। बैठक में शहर में जल निकासी एवं बाढ़ नियंत्रण को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में 17 कार्यों के लिए करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से नाली निर्माण एवं पुलिया निर्माण के 17 कार्यों के प्रस्ताव को स्वीकृति हेतु आगे बढ़ाया गया। इन कार्यों के पूर्ण होने से शहर में बारिश के दौरान होने वाली समस्याओं में काफी कमी आएगी। इसी तरह केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव तक 22 करोड़ से ज्यादा की लागत से कैनाल लिंक रोड सड़क निर्माण के लिए जारी निविदा को स्वीकृत किया गया। इसके अतिरिक्त न्यायालयीन प्रकरणों की पैरवी के लिए अधिवक्ताओं की नियुक्ति एवं समयावधि बढ़ाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि परिषद द्वारा लिए गए इन सभी निर्णयों से स्पष्ट है कि नगर निगम शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में इन योजनाओं के क्रियान्वयन से रायगढ़ शहर में विकास की गति और तेज होगी।
बैठक के दौरान एमआईसी सदस्यों द्वारा प्रस्ताव के संबंध में जिज्ञासा भी व्यक्त किया गया, जिसपर संबंधित प्रस्ताव की पूर्ण जानकारी निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय द्वारा दी गई। इस दौरान आयुक्त श्री क्षत्रिय ने एम आई सी सदस्यों के दिए गए सुझाव को भी प्रस्ताव में शामिल करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में एमआईसी सदस्य श्री सुरेश गोयल, श्री पंकज कंकरवाल, श्री अशोक यादव, श्रीमती पूनम सोलंकी, श्री मुक्तिनाथ बबुआ, श्रीमती त्रिवेणी डहरे, श्री अमित शर्मा, श्री आनंद भगत सहित निगम के विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे



