नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आज रविवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में अपने सभी सांसदों के लिए तीन-लाइन का व्हिप जारी किया है।
बीजेपी ने 16 से 18 अप्रैल तक होने वाले संसद के विशेष सत्र के दौरान सभी सांसदों को सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
BJP ने सभी सांसदों को सदन में रहने के दिए निर्देशपार्टी के निर्देश के अनुसार सभी सांसदों, जिनमें केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं, सभी को तीन दिनों की इस बैठक के दौरान सदन में लगातार उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
व्हिप में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि उपस्थिति अनिवार्य है और इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की छुट्टी (अवकाश) स्वीकृत नहीं की जाएगी।
बीजेपी ने पत्र में कहा है, ‘लोकसभा और राज्यसभा में भाजपा के सभी सदस्यों के लिए गुरुवार से शनिवार, यानी 16 से 18 अप्रैल 2026 तक के लिए तीन-लाइन का व्हिप जारी किया जा रहा है। सभी माननीय केंद्रीय मंत्रियों और सदस्यों से अनुरोध है कि वे उपर्युक्त तीनों तिथियों के दौरान सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।’
पत्र में आगे लिखा है, ‘सदन में उपस्थिति अनिवार्य है। किसी भी सदस्य को छुट्टी नहीं दी जाएगी। सदस्यों से अनुरोध है कि वे इस व्हिप का कड़ाई से पालन करें और सदन में अपनी निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित करें। आपके सहयोग की हम सराहना करते हैं।’
महिला आरक्षण बिल को लेकर व्हिप जारीसंसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र को लेकर बीजेपी ने सांसदों को निर्देश दिया है। इस सत्र का मुख्य केंद्र ‘महिला आरक्षण संशोधन विधेयक’ होगा। इससे जुड़े महत्वपूर्ण संशोधनों पर सरकार विचार कर रही है।
समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ में महिलाओं के लिए आरक्षण को अगली जनगणना और परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ा गया था।
हालांकि, जनगणना में हो रही देरी के चलते अब 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही आगे बढ़ने के प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है।



