आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की है। हाल ही में राघव चड्ढा को हटाकर अशोक मित्तल को राज्यसभा का डिप्टी लीडर बनाया गया है। ईडी की टीम ने आप राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल और उनके बेटे के यहां बुधवार को छापेमारी की है।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी चलाते हैं अशोक मित्तल
ईडी की टीम ने 8 से 9 ठिकानों पर छापेमारी की है। सांसद और उसके बेटे के ठिकानों पर ईडी की टीम ने गुरुग्राम और पंजाब में छापेमारी की है। अशोक मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी चलाते हैं, इसमें फंड से रिलेटेड कुछ गड़बड़ी पाई गई हैं।
जालंधर स्थित यूनिवर्सिटी में भी छापेमारी
इसी को लेकर ED की रेड, घर, फार्म हाउस में चल रही है। ईडी की टीम जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी भी पहुंची हुई है। वहां भी छापेमारी चल रही है।
जानिए किस मामले में हुई कार्रवाई
ईडी की यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के उल्लंघनों की जांच के चलते की गई है। बुधवार तड़के से ही ईडी की छापेमारी चल रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईडी की टीम ने लोकल पुलिस से कोई सहायता नहीं मांगी है।
सीएम मान ने केंद्र पर साधा निशाना
पार्टी के राज्यसभा सांसद के घर पर ईडी की रेड को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र पर निशाना साधा है। भगवंत मान ने कहा कि भाजपा पंजाब चुनाव की तैयारी में जुट गई है।
राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को दिया गया पद
बता दें कि 61 वर्षीय मित्तल एक व्यवसायी और शिक्षाविद हैं, जो लवली ग्रुप के प्रमुख हैं। हाल ही में उन्हें राज्यसभा में आम आदमी पार्टी का डिप्टी लीडर नियुक्त किया गया है। पार्टी ने अशोक मित्तल को राघव चड्ढा की जगह पर ये पद दिया है।



