Home छत्तीसगढ़ श्रीरामलला दर्शन योजना: रायगढ़ जिले के 104 तीर्थयात्री अयोध्या धाम के लिए...

श्रीरामलला दर्शन योजना: रायगढ़ जिले के 104 तीर्थयात्री अयोध्या धाम के लिए रवाना

0

रायगढ़, 16 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित श्री रामलला दर्शन योजना के तहत रायगढ़ जिले से 104 तीर्थयात्रियों का 15वां जत्था आज अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे में 76 श्रद्धालु ग्रामीण क्षेत्रों से तथा 28 श्रद्धालु नगरीय क्षेत्र से शामिल हैं, जो इस धार्मिक यात्रा को लेकर अत्यंत उत्साहित नजर आए।रवाना होने से पूर्व सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके मंगलमय यात्रा की कामना की गई। पूरे वातावरण में भक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां “जय श्रीराम” के जयघोष से परिसर गूंज उठा। श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ अपने जीवन की इस विशेष यात्रा पर निकले। यात्रियों को रायगढ़ से बसों के माध्यम से बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया गया, जहां से वे विशेष रेलगाड़ी द्वारा अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान किए। यात्रा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत प्रत्येक तीर्थयात्री को निःशुल्क यात्रा, भोजन एवं आवास की संपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, यात्रा की सुचारु व्यवस्था एवं सुरक्षा के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी साथ में तैनात किया गया है, जो पूरे सफर के दौरान यात्रियों की सहायता करेंगे। इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्री रामलला के दर्शन करने के साथ-साथ वाराणसी भी जाएंगे, जहां वे प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इस प्रकार यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक संपूर्ण आध्यात्मिक अनुभव बन रही है।

यात्रियों ने शासन की इस पहल के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से उन्हें उन पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है, जहां जाना उनके लिए पहले संभव नहीं था। उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार और सौभाग्यपूर्ण क्षण बताते हुए सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। यह पहल न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दे रही है, बल्कि समाज के हर वर्ग को समान अवसर प्रदान कर उन्हें जोड़ने का कार्य भी कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here