महासमुंद : छत्तीसगढ़ जीव जंतु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष व कांग्रेस के प्रदेश संयुक्त महामंत्री आलोक चंद्राकर अक्षय तृतीया (अक्ति) के अवसर पर सपरिवार शिवरीनारायण पहुंचे। उन्होंने भगवान शिवरीनारायण मंदिर मे पूरे परिवार के साथ दर्शन कर अक्ति तिहार में मठ में आयोजित परंपरागत कलसी पूजन कार्यक्रम में सपत्नीक शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिवरीनारायण से छग की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। भगवान के दर्शन पश्चात मठ पहुंचे। जहां उन्होंने भोजन प्रसादी ग्रहण किया। मठ में श्री चंद्राकर और उनके माता का साल श्रीफल व भगवान शिवरीनारायण की तस्वीर भेंटकर सम्मान कर आशीष दिया। पश्चात श्री चंद्राकर ने कांग्रेस सरकार के समय पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा कराए गए विकास कार्यों अवलोकन की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री बघेल ने शिवरीनारायण की प्राचीन गौरवशाली परंपरा और छत्तीसगढ़ियों के भावना को ध्यान में रखकर विकास कार्य कराए थे।
मंदिर दर्शन से पूर्व रेस्ट हाउस में कांग्रेसजनों व विभागीय अधिकारियों ने श्री चंद्राकर का आत्मीय स्वागत किया। कांग्रेस नेता संदीप अग्रवाल और जीव जंतु कल्याण बोर्ड के सदस्य नारायण खंडेलिया के निवास जाकर उन्होंने मुलाकात की। श्री चंद्राकर ने कहा कि शिवरीनारायण छत्तीसगढ़ की जगन्नाथपुरी है, यह वही पवित्र स्थान है जहां माता शबरी ने भगवान श्रीराम को उनके वनवास काल के दौरान प्रेमवश चखकर बेर खिलाए थे। महानदी, जोक और शिवनाथ नदी के त्रिवेणी संगम पर स्थित यह पवित्र स्थान राम वन गमन पथ का हिस्सा है, जहाँ कृष्ण वट के पत्ते में बेर परोसे गए थे। श्री चंद्राकर ने प्रदेशवासयों से अपील की कि वे साल में एक बार भगवान शिवरीनारायण का दर्शन अवश्य करें। शिवरीनारायण त्रेतायुग के पौराणिक घटनाओं का जीवंत उदाहरण है।



