एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा किरंदुल-बचेली: दो दिन के हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार स्थानीय युवाओं की मुलाकात एनएमडीसी के सीएमडी अमिताभ मुखर्जी से हुई। युवाओं ने एनसीएल के भांसी स्थित खदान नंबर 04 और किरंदुल स्थित खदान नंबर 13 को निरस्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद हुई मुलाकात
युवा एनसीएल की दोनों खदानों का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि जंगलों की कटाई से पर्यावरण को नुकसान होगा। सीएमडी से मिलने के लिए युवाओं ने पहले दिन किरंदुल सीआईएसएफ चेकपोस्ट पर शांतिपूर्ण धरना दिया। आश्वासन के बाद धरना खत्म किया। दूसरे दिन भी मुलाकात न होने पर गुस्साए युवाओं ने बचेली एनएमडीसी सीआईएसएफ चेकपोस्ट के सामने सीएमडी का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इसके बाद तीसरे दिन सुबह युवाओं की सीएमडी से मुलाकात करवाई गई।
फर्जी दस्तावेजों का आरोप
युवाओं ने सीएमडी को साक्ष्यों के साथ बताया कि भांसी स्थित खदान नंबर 04 को फर्जी ग्रामसभा और दस्तावेजों के आधार पर शुरू किया जा रहा है। ग्रामीणों के विरोध के बावजूद खदान शुरू करने की कोशिश की जा रही है। आरोपों पर एनएमडीसी अधिकारी जवाब नहीं दे पाए।
युवाओं की चेतावनी और अन्य मांगें
युवाओं ने ज्ञापन में कहा कि दोनों खदानों को बंद किया जाए, वरना उग्र आंदोलन होगा। साथ ही मांग की कि खदानों के सभी अनुमति दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं, किरंदुल नगर को धूलमुक्त बनाया जाए और किरंदुल-बचेली में शासकीय कर्मचारियों को आवास सुविधा दी जाए।



