एक ही स्थान पर मिलेगी ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी परिवहन सेवाएं, रोजगार के अवसर भी होंगे सृजित
एमसीबी : जिले में परिवहन सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल करते हुए परिवहन सुविधा केंद्र (Transport Facilitation Center) की स्थापना के लिए इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।जिला परिवहन अधिकारी, कोरिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य शासन की इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
एक ही केंद्र पर मिलेंगी सभी सेवाएं
परिवहन सुविधा केंद्र के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कार्यों के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन, शुल्क भुगतान, आवश्यक दस्तावेजों का स्कैन एवं अपलोड तथा विभिन्न प्रपत्रों का प्रिंट आउट जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इससे नागरिकों को त्वरित एवं सरल सेवाएं मिलेंगी और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
पूर्व प्रक्रिया के बाद फिर से अवसर
उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत पूर्व में भी आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसके अंतर्गत एमसीबी जिले के जनकपुर क्षेत्र के लिए प्रक्रिया संचालित की गई थी। अब पुनः चयनित क्षेत्रों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक इच्छुक आवेदक इस योजना से जुड़ सकें।
15 मई तक कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक आवेदकों को 15 मई 2026 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। प्रशासन ने समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि पात्र अभ्यर्थियों का चयन कर शीघ्र केंद्र स्थापित किए जा सकें।
रोजगार के अवसर भी होंगे सृजित
प्रशासन का मानना है कि परिवहन सुविधा केंद्र की स्थापना से जहां एक ओर आमजन को बेहतर सेवाएं मिलेंगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार के साथ-साथ जनसेवा में भी योगदान दे सकते हैं।



