नई दिल्ली : सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि देश भर के कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर दिसंबर तक बिना किसी रुकावट के बैरियर-फ्री टोलिंग व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
लॉजिस्टिक्स शक्ति समिट और अवार्ड्स 2026 के दूसरे संस्करण को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि लॉजिस्टिक्स लागत को कम करने के लिए भारत को बेहतर बुनियादी ढांचा विकसित करना होगा। गडकरी ने कहा, ‘हम दिसंबर तक देश भर के कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर कई बाधारहित टोलिंग सिस्टम लगाने की योजना बना रहे हैं।’
इसके तहत वाहनों को टोल प्लाजा पर रुके बिना हाई-परफॉर्मेंस ANPR कैमरों और FASTag रीडर्स के जरिए उनकी पहचान के आधार पर चार्ज किया जाएगा। नियमों का पालन न करने पर उल्लंघन करने वालों को ई-नोटिस भेजे जाएंगे। इनका भुगतान न करने पर FASTag को निलंबित किया जा सकता है और VAHAN से संबंधित अन्य दंड भी लगाए जा सकते हैं।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा कि लॉजिस्टिक्स की लागत अमेरिका में 12 प्रतिशत, यूरोपीय देशों में 12 प्रतिशत और चीन में 8-10 प्रतिशत है। पश्चिम एशिया संकट का जिक्र करते हुए गडकरी ने कहा कि भारत अपनी तेल की 87 फीसदी जरूरत पूरी करने के लिए आयात पर निर्भर है।
यह देखते हुए कि ग्रीन हाइड्रोजन भविष्य का ईंधन है गडकरी ने कहा कि हाइड्रोजन फ्यूल स्टेशन चलाने की लागत को कम करने की जरूरत है ताकि यह आर्थिक रूप से फायदेमंद बन सके। उन्होंने कहा कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और देश को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है।



