नारायणपुर : बस्तर जिले के नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपए की सौगात दी। मंत्री ने बनियागांव और भानपुरी क्लस्टर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कुल 8 करोड़ 09 लाख 71 हजार रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
मंत्री कश्यप ने कहा कि सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास को धरातल तक पहुंचाना है।
बनियागांव में सड़क और बुनियादी सुविधाओं को मिली मजबूती
सुबह बनियागांव में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने 1 करोड़ 47 लाख 76 हजार रुपए के विकास कार्यों की आधारशिला रखी और पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 1 करोड़ 27 लाख 76 हजार रुपए की लागत से बनने वाली बनियागांव से कुच्चीगुड़ा सड़क का भूमिपूजन किया गया। वहीं बस्तर विकास प्राधिकरण के माध्यम से निर्मित तुरपुरा की सीसी सड़क और केशरपाल में अहाता निर्माण कार्य जनता को समर्पित किए गए।
भानपुरी में विकास परियोजनाओं की झड़ी
दोपहर में भानपुरी में आयोजित दूसरे चरण के कार्यक्रम में 6 करोड़ 61 लाख 95 हजार रुपए की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
इनमें प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 6 करोड़ 23 लाख 09 हजार रुपए की लागत से भानपुरी से पदरपारा, फरसागुड़ा से खासपारा और भानपुरी-चित्रकोट मार्ग से धनवाड़पारा तक सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा मुरकुची हाई स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण का भूमिपूजन भी किया गया। साथ ही विधायक निधि एवं विकास प्राधिकरण के तहत भानपुरी, तारागांव और विश्रामपुरी क्लस्टर में निर्मित सीसी सड़क और पुलिया निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया।
“हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना लक्ष्य”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि अच्छी सड़कें न केवल आवागमन को आसान बनाती हैं, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच भी बेहतर करती हैं।
उन्होंने कहा कि नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। साथ ही ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील भी की, ताकि योजनाओं का लाभ लंबे समय तक लोगों को मिलता रहे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर खुशी जताई।



