बेमेतरा : बेमेतरा शहर में आज शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। डिप्टी सीएम एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने विधिवत रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर विधायक श्री दीपेश साहू सहित जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न समाजों के लोग उपस्थित रहे।
प्रतिमा के अनावरण के साथ ही उक्त चौक अब “शहीद वीर नारायण सिंह चौक” के नाम से जाना जाएगा। शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जननायक के रूप में स्मरण किए जाते हैं। उनकी वीरता, त्याग और देशभक्ति की गाथा आज भी प्रदेशवासियों को प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के लोगों ने शहीद वीर नारायण सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतिमा स्थापित होने से शहर में शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति को स्थायी पहचान मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष एवं बलिदान से प्रेरणा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम श्री अरुण साव ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक की प्रतिमा स्थापित होना बेमेतरा के लिए गौरव का विषय है। शहीद वीर नारायण सिंह का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, जनसेवा और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है।




