IPL 2026 के 40वें मुकाबले में शानदार टक्कर देखने को मिली। इस हाई-स्कोरिंग मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब के 223 रनों के बड़े लक्ष्य को राजस्थान ने 19.2 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम एक समय मुश्किल में फंस गई थी, फिर मिडिल ऑर्डर में डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 31 गेंदों में नाबाद 71 रन की साझेदारी की।फेरेरा ने 26 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे, जबकि दुबे ने 12 गेंदों में 31 रन बनाकर मैच खत्म किया। इस तरह पंजाब को सीजन की पहली हार का स्वाद चखना पड़ा।
गेंदबाजों को ठहराया हार का जिम्मेदार
पहली हार के बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि बोर्ड पर 224 रन का स्कोर बहुत शानदार था। बल्लेबाजों की जितनी तारीफ की जाए कम है, जिस तरह से उन्होंने आगे बढ़कर गेंदबाजों का सामना किया। उन्हें लगता है कि यह एक जबरदस्त प्रदर्शन था, खासकर इस विकेट पर, जो थोड़ा धीमा था। और उन्हें लगता है कि हमारी गेंदबाजी में थोड़ी कमी रह गई। हमने बहुत सारी धीमी गेंदें और यॉर्कर डालने की योजना बनाई थी। उन्हें लगता है कि हम उस मामले में थोड़े पीछे रह गए।
राजस्थान की बैटिंग की तारीफ
अय्यर ने विरोधी टीम के बल्लेबाजों फरेरा और दुबे की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि बीच के ओवरों में उनकी साझेदारी जबरदस्त रही। फरेरा और दुबे ने आखिर में वे अहम रन बनाए। यह एक ऐसा फॉर्मेट है जिसमें कई सारे प्लेयर्स ने गेम को चेंज किया है। सबकुछ डिपेंड करता है कि आप किस तरह एग्जीक्यूट करते हैं। आज हमारा दिन नहीं था। जरूरी है कि हम जो चीजें कर रहे हैं, उस पर बने रहें।
अय्यर ने कहा कि आज का दिन हमारा नहीं था। थोड़ी थकान है लेकिन यहां यह कोई बहाना नहीं हो सकता। हमारे पास कुछ दिन हैं जिनमें हम अपनी रणनीति पर फिर से काम कर सकते हैं और मजबूत होकर वापसी कर सकते हैं। यह हमारी पहली हार है और यह निश्चित रूप से आपको बहुत कुछ सिखाती है।



