Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में मौसम का कहर: भूकंप के झटकों के बीच बिजली गिरने...

छत्तीसगढ़ में मौसम का कहर: भूकंप के झटकों के बीच बिजली गिरने से मासूम की जान गई

0

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के उड़ीसा बोर्डर एरिया क्षेत्र में धरती की बार-बार कांपती हलचल और खराब मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर पिछले 36 घंटे में तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए, वहीं आकाशीय बिजली गिरने से एक मासूम की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

ऐसी गतिविधियों से ग्रामीणों में भय का माहौल
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे देवभोग क्षेत्र में हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे पहले बीती रात 7:20 बजे भी धरती कांपी थी। एक दिन पहले आए झटके की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 0.7 दर्ज की गई थी। हालांकि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन लगातार हो रही इस गतिविधि से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर कई लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर समय बिताते नजर आए।

घबराने जैसी स्थिति नहीं
विशेषज्ञों का कहना है कि, इस तरह के हल्के झटके भूगर्भीय हलचल का संकेत हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल घबराने जैसी स्थिति नहीं है। प्रशासन ने भी लोगों से अफवाहों से दूर रहने और सतर्क रहने की अपील की है।

बिजली गिरने से चपेट में आया बालक 
इधर, देवभोग थाना क्षेत्र के मुरगुडा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक क्षीरसागर यादव की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, बालक घर के बाहर था, तभी अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लोगों से प्रशासन ने की अपील
पिछले तीन दिनों से दोपहर के समय लगातार मौसम खराब हो रहा है और बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ी हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि, खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here