जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को अनुशासन व सकारात्मक जीवन मूल्यों का दिया संदेश

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा बच्चों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्य विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित चार दिवसीय समर कैंप का समापन सोमवार को गरिमामय वातावरण में हुआ। समापन समारोह में नगर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अभिभावक व बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि बच्चों का चरित्र निर्माण परिवार और शिक्षकों पर निर्भर करता है। सकारात्मक वातावरण मिलने पर बच्चे समाज और राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।
विशिष्ट अतिथि चाइल्ड जज तनु साहू ने बच्चों को सच बोलने व हर परिस्थिति में माता-पिता से संवाद बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष रिखी यादव ने पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचाव पर जोर देते हुए बच्चों से पानी बचाने और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
समारोह में नपा उपाध्यक्ष आशिफ नेमन, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष बिंदु सिन्हा, पार्षद मधु देवांगन सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। सभी ने ब्रह्माकुमारीज़ की इस पहल को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।
आयोजनकर्ता ब्रह्माकुमारी बिंदु बहन जी ने बताया कि शिविर में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के बच्चों ने भाग लिया। चार दिनों तक योग, मेडिटेशन, नैतिक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास व रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को जीवन उपयोगी सीख दी गई।
अतिथियों ने भविष्य में शिविर की अवधि 15 दिन करने का सुझाव दिया। आयोजकों ने अगले वर्ष और व्यापक स्तर पर समर कैंप आयोजित करने का आश्वासन दिया।
समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।



