Home छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री आवास योजना से कोरिया में तेजी से बदल रही तस्वीर

प्रधानमंत्री आवास योजना से कोरिया में तेजी से बदल रही तस्वीर

0

पिछली तिमाही में 2,220 हितग्राहियों के पक्के घर बने, लक्ष्य की ओर बढ़ा जिला

सुदूर अंचलों तक पहुंच रहा आवास का लाभ, प्रशासन की सतत निगरानी से मिली रफ्तार

सुरेश मिनोचा कोरिया : कोरिया जिले में शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पात्र हितग्राहियों के पक्के मकान का सपना तेजी से साकार हो रहा है। जिला पंचायत के समन्वय और प्रशासन की सतत निगरानी के परिणामस्वरूप जिले में आवास निर्माण कार्य में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

पिछली तीन माह की अवधि में दोनों जनपद पंचायतों को मिलाकर कुल 2,220 हितग्राहियों के पक्के आवास पूर्ण किए गए हैं, जो कुल लक्ष्य का लगभग 60 प्रतिशत है।

जिला प्रशासन द्वारा कार्ययोजना बनाकर हितग्राहियों से निरंतर संवाद, संसाधनों की उपलब्धता तथा तकनीकी सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही समय-समय पर समीक्षा, निरीक्षण एवं प्रोत्साहन गतिविधियों के माध्यम से निर्माण कार्यों में गति लाई गई है।

जियो टैगिंग और किश्त भुगतान से बढ़ा कार्यों में उत्साह
प्रशासन द्वारा प्रगति के अनुरूप जियो-टैगिंग कर डीबीटी के माध्यम से समय पर किश्तों का भुगतान किया जा रहा है। पहली किश्त 40 हजार रुपये, प्लिंथ स्तर तक कार्य पूर्ण होने पर 55 हजार रुपये तथा अंतिम किश्त 25 हजार रुपये हितग्राहियों के खातों में सीधे हस्तांतरित की जाती है। इसके साथ ही मनरेगा के तहत 90 दिनों का अकुशल श्रम रोजगार भी प्रदान किया जा रहा है।

जनचौपाल और घर-घर संपर्क से बढ़ा हितग्राहियों का जुड़ाव
जिले में नियमित जनचौपाल, घर-घर संपर्क एवं ग्राम भ्रमण के माध्यम से हितग्राहियों को योजना से जोड़ा गया है। जिन क्षेत्रों में कार्य धीमा था, वहां जिला पंचायत सीईओ सहित अधिकारियों की नियमित उपस्थिति ने स्थिति में सुधार लाया है।

दो वित्तीय वर्षों में 16 हजार से अधिक स्वीकृत आवास
जिले में बीते दो वित्तीय वर्षों के दौरान कुल 16,359 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 9,726 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 6,234 आवास निर्माणाधीन हैं।

जिला प्रशासन का कहना है कि सतत प्रयासों और निगरानी के चलते आने वाले समय में जिले को निर्धारित लक्ष्य के पूर्ण करने की दिशा में और तेजी मिलेगी, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों का पक्के घर का सपना साकार होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here