Home छत्तीसगढ़ एमसीबी जिले में सुरक्षा गार्डों ने आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना का लगाया...

एमसीबी जिले में सुरक्षा गार्डों ने आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप,कलेक्टर से की न्याय की मांग

0

मनेन्द्रगढ़ :  जिले के केंद्रीय विद्यालय मनेन्द्रगढ़ में कार्यरत दो सुरक्षा गार्डों ने आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कलेक्टर एमसीबी को शिकायत पत्र सौंपकर उचित जांच और कार्यवाही की मांग की है।शिकायतकर्ताओं अमन श्रीवास और अभिजीत बेहरा ने आरोप लगाया है कि पिछले लगभग 15 महीनों से कंपनी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों द्वारा उनसे अवैध रूप से पैसे लिये जा रहे हैं और विरोध करने पर नौकरी से निकालने तथा झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी दी जाती रही है। शिकायत पत्र में बताया गया है कि दोनों सुरक्षा गार्ड पिछले पांच वर्षों से केंद्रीय विद्यालय मनेन्द्रगढ़ रेलवे कॉलोनी में कार्यरत हैं। उनका कहना है कि पुरानी और नई सिक्योरिटी कंपनी के अधिकारियों द्वारा उनसे निजी कार्य भी करवाये जाते रहे। कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी मासिक सैलरी 21 हजार 760 रुपये बैंक खाते में आती है जिसमें से करीब 12 हजार रुपये प्रतिमाह रिश्वत के रूप में वापस ले लिये जाते थे।

पीड़ित कर्मचारियों ने दावा किया है कि विरोध करने पर उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा नौकरी से हटाने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक उनसे लगभग ढाई से तीन लाख रुपये तक की राशि ली जा चुकी है शिकायतकर्ताओं के अनुसार अन्य कर्मचारियों से भी इसी प्रकार रकम लेने का आरोप है लेकिन डर और दबाव के कारण वे खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि उनके पास बैंक ट्रांजेक्शन सहित अन्य दस्तावेजी साक्ष्य मौजूद हैं जिन्हें जांच में प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कलेक्टर एमसीबी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने और कर्मचारियों को न्याय दिलाने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी भी कर्मचारी का शोषण ना हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here