Home छत्तीसगढ़ मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बने स्नैचिंग के शिकार, आरोपी...

मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बने स्नैचिंग के शिकार, आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

0

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले विधायक एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का मोबाइल लूटकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसके कब्जे से लूट का मोबाइल और घटना में इस्तेमाल होने वाली बाइक भी जब्त कर ली गई है।

क्या है पूरा मामला ?

बता दें कि आज 18 मई को विधायक एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। प्रातः लगभग 07:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात मोटर सायकल सवार युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पहुंचे क्राइम ब्रांच एवं थानों की संयुक्त टीमों को तत्काल आरोपी की पतासाजी हेतु लगाया गया। घटना स्थल एवं संभावित रूट के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। साथ ही तकनीकी विश्लेषण एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस को सक्रिय करते हुए आरोपी की लगातार तलाश की गई।

पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में लिया गया तथा उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी का नाम मणिकांत ध्रुव पिता राजेंद्र ध्रुव, उम्र लगभग 19 वर्ष है, जो मूलतः जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का निवासी है तथा वर्तमान में थाना खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत राजीव नगर, रायपुर में निवासरत है। आरोपी द्वारा यदा-कदा रैपिडो चलाने का कार्य भी किया जाता है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा प्रत्येक अपराध को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र पहचान, गिरफ्तारी एवं छीने/चोरी गए माल मशरूका की बरामदगी की जा रही है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार त्वरित एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here