भाजपा सरकार ने तोड़ी आम जनता की कमर, कांग्रेस सड़कों पर उतरी
मनेंद्रगढ़ : प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर द्वारा पेट्रोल पंप के सामने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दाम एवं आम जनता की समस्याओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार पर जनता को महंगाई की आग में झोंकने का आरोप लगाया। पेट्रोल पंप पहुंचे वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना गया। लोगों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह जनविरोधी हो चुकी है। पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी कर जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। हर दिन बढ़ती महंगाई से गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग परेशान है, लेकिन सरकार जनता की पीड़ा सुनने के बजाय सिर्फ प्रचार में व्यस्त है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि महिलाओं के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। रसोई से लेकर रोजमर्रा की हर वस्तु महंगी हो चुकी है और भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से हर वस्तु की कीमत बढ़ रही है और आम आदमी त्रस्त है।
वरिष्ठ कांग्रेसी सुरेंद्र पाल मखीजा ने कहा कि भाजपा सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है, जबकि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है।
वरिष्ठ कांग्रेसी बलबीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने अच्छे दिनों का सपना दिखाकर जनता को ठगने का काम किया है। आज हर वर्ग महंगाई से परेशान है और जनता जवाब मांग रही है।
पार्षद इमरान खान ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने छोटे व्यापारियों और वाहन चालकों की हालत खराब कर दी है। सरकार को तुरंत पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने चाहिए।
पार्षद गिरधर जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण बाजार में मंदी और जनता में भारी आक्रोश है। कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी।
पार्षद मुकेश अग्रवाल ने कहा कि महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है।
जिला कांग्रेस महामंत्री रफीक मेमन ने कहा कि मोदी सरकार बढ़ती मंहगाई को रोकने में पूरी तरीके से असफल है, पेट्रोल डीजल के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है और सरकार हाथ जोड़कर खड़ी है
युवा कांग्रेस लीगल सेल प्रदेश अध्यक्ष व्यंकटेश सिंह ने कहा कि जनता अब भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, अमित पुरी, गोपाल गुप्ता, विक्की दत्ता, अशोक गुप्ता, चुनूं त्रिपाठी, साबिर खान, अकरम मंसूरी, स्नेहिल शुक्ला, रंजन शर्मा, राशिद अली, छोटेलाल वर्मा, रूमा चटर्जी, बबीता यादव, ज्योति मजुमदार, शोभना वर्मा, ममता रजक, डॉ. विनय शंकर, राम गोपाल वर्मा, मो. सफी, आशीष राय, प्रदीप सोनी, दिपेश केशरवानी, गोपाल यादव, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।



