Home छत्तीसगढ़ बंगाली कैंप वार्ड-4 में 12 नए सार्वजनिक नल कनेक्शनों का उद्घाटन, मिली...

बंगाली कैंप वार्ड-4 में 12 नए सार्वजनिक नल कनेक्शनों का उद्घाटन, मिली राहत

0

एस एच अज़हर अमन पथ किरंदुल : पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने किरंदुल बंगाली कैंप वार्ड क्रमांक 04 में देबू घर से आंगनबाड़ी केंद्र तक तथा धीरेन्द्र घोष के घर से सी.एस.सी. सेंटर तक कुल 12 नवीन सार्वजनिक नल कनेक्शनों का उद्घाटन किया। यह कार्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सहायता से पूर्ण कराया गया। ज्ञात हो कि पूर्व में आई भीषण बाढ़ के कारण इस क्षेत्र के पुराने नल कनेक्शन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके चलते वार्डवासियों को लंबे समय से पीने के पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था। नागरिकों की इस दिक्कत को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने बोरिंग के माध्यम से नए सार्वजनिक नल कनेक्शन स्थापित किए। अब इस क्षेत्र के निवासियों को नियमित और पर्याप्त पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

उद्घाटन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने कहा, “नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा के लिए हम लगातार कार्य कर रहे हैं और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।”

वार्ड पार्षद अमृत टंडन ने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष, पूरे परिषद तथा पीडब्ल्यूडी विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्य से पूरे वार्ड के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस मौके पर उपाध्यक्ष बबलू सिद्दकी, पार्षद के. सजी, देवकी ठाकुर, राजकुमार सोनी, पूर्व पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, समर नंदी, अंकल राम नेताम (पंप ऑपरेटर) सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here