देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार बढ़ोतरी कर दी गई है। इस बार डीजल की कीमतों में 2.71 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमतों में 2.61 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में डीजल की कीमत बढ़कर अब 95.20 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत बढ़कर 102.12 रुपये हो गई है। बताते चलें कि पिछले 10 दिनों में चौथी बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव की स्थिति के बाद ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने सबसे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाई थीं। इसके बाद, कंपनियों ने 19 मई और 23 मई को भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे।
कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने की वजह से बिगड़े हालात
बताते चलें कि देश में बीते 4 सालों से पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर थीं और इनमें किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया था। हालांकि, मिडिल-ईस्ट में शुरू हुए युद्ध के बाद कच्चे तेल की सप्लाई बुरी तरह से प्रभावित हुई और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चा तेल काफी महंगा हो गया। कच्चा तेल महंगा होने से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को रोजाना हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा था। इस नुकसान को कम करने के लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ानी शुरू कर दी।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के नए दाम
दिल्ली
पेट्रोल: 102.12 रुपये (+2.61)
डीजल: 95.20 रुपये (+2.71)
कोलकाता
पेट्रोल: 113.51 रुपये (+2.87)
डीजल: 99.82 रुपये (+2.80)
मुंबई
पेट्रोल: 111.21 रुपये (+2.72)
डीजल: 97.83 रुपये (+2.81)
चेन्नई
पेट्रोल: 107.77 रुपये (+2.46)
डीजल: 99.55 रुपये (+2.57)
दिल्ली में अब तक 7.35 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है पेट्रोल
कीमतों में बढ़ोतरी का दौर शुरू होने से पहले दिल्ली में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये और एक लीटर डीजल की कीमत 87.67 रुपये थी। यानी, देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल के दाम में अभी तक 7.35 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 7.53 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां अपना नुकसान कम करने के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में छोटी-छोटी बढ़ोतरी कर रही हैं। अभी तक 4 बार में हुई ये छोटी-छोटी बढ़ोतरी अब बड़ी होने लगी हैं। मौजूदा हालातों को देखते हुए ये कहना मुश्किल है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अभी और कितनी बढ़ोतरी होना बाकी है।



