Home छत्तीसगढ़ निगम की टीम मुस्तैद: तेज आंधी-तूफान के बीच त्वरित कार्रवाई से बहाल...

निगम की टीम मुस्तैद: तेज आंधी-तूफान के बीच त्वरित कार्रवाई से बहाल हुई व्यवस्थाएं

0

रायगढ़ :  शहर में अचानक आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम के बीच नगर निगम की टीम ने तत्परता, समन्वय और मुस्तैदी का परिचय देते हुए कम समय में बाधित व्यवस्थाओं को बहाल कर नागरिकों को राहत पहुंचाई। सुभाष चौक क्षेत्र में तेज हवा के कारण बड़े फ्लैक्स सड़क पर गिर जाने से आवागमन बाधित होने के साथ-साथ विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हो गई थी। सूचना मिलते ही नगर निगम के विद्युत, उद्यान, वाहन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम द्वारा दो जेसीबी वाहनों को तत्काल मौके पर लगाया गया। इसी तरह कटर मशीन भी लगाया गया, जिसके माध्यम से सड़क पर गिरे फ्लेक्स और अवरोधों को हटाकर यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य किया गया। इस दौरान नगर आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय एवं कार्यपालन अभियंता श्री अमरेश लोहिया के नेतृत्व में 30 से अधिक कर्मचारियों की टीम लगातार मौके पर डटी रही और कम समय में सड़क मार्ग को पुनः सुचारू कर नागरिकों को राहत पहुंचाई।

नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देश पर शहर में मौसम संबंधी आपदाओं से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में विद्युत, उद्यान, वाहन एवं स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमों की ड्यूटी लगाई गई है। टीम का नेतृत्व कार्यपालन अभियंता श्री लोहिया करेंगे, जो अचानक मौसम खराब होने, तेज हवा, आंधी-तूफान अथवा अन्य अप्रिय परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई कर व्यवस्थाओं को बहाल करने का कार्य करेंगी।उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व भी अचानक चली तेज हवाओं के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ टूटकर गिर गए थे तथा कई स्थानों पर टीन शेड और अन्य सामग्री विद्युत तारों पर गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। ऐसी परिस्थितियों में भी नगर निगम की टीम ने देर रात तक लगातार कार्य करते हुए शहर के निगम कार्यालय के सामने, गोपी टॉकीज रोड, स्टेशन रोड, टीवी टावर रोड, पहाड़ मंदिर रोड, उर्दना रोड, विजयपुर रोड, रामपुर रोड सहित लगभग 45 स्थानों पर पहुंचकर बाधाओं को दूर किया और व्यवस्थाओं को सामान्य बनाया।

नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की इस सक्रियता और समर्पण ने यह साबित किया है कि विपरीत परिस्थितियों में भी निगम की टीम शहरवासियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। निगम की विशेष टीमें मौसमी आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और मुस्तैदी के साथ शहर में यातायात, स्वच्छता, विद्युत और अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार कार्यरत हैं।

आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित राहत है। मौसम जनित आपदाओं की स्थिति में सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर जनसुविधाओं को शीघ्र बहाल किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here