सुरेश मिनोचा मनेंद्रगढ़ : राजस्थान भवन मनेंद्रगढ़ में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष चम्पा देवी पावले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष लखन लाल श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, पूर्व योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष राहुल सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा,प्रवीण निशि, पूर्व पार्षद अजमुद्दीन अंसारी पार्षद सुनैना विश्वकर्मा, श्रीमती प्रवीण सिंह,आदित्य राज डेविड, दिनेश्वर मिश्रा,अंकुर जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक समरसता एवं जनभागीदारी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने देशभर में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों और समूहों के प्रयासों का उल्लेख करते हुए नागरिकों से राष्ट्रहित में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों के साथ प्रधानमंत्री का आत्मीय संवाद है, जो समाज में सकारात्मक सोच और रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश लोगों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष चम्पा देवी पावले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से जनसंवाद की नई परंपरा स्थापित की है। यह कार्यक्रम समाज के प्रेरणादायक व्यक्तित्वों और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है तथा नागरिकों को सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करता है।पूर्व जिला अध्यक्ष लखन लाल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार देश को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाले हैं। ‘मन की बात’ के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूती मिलती है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक संदेश समाज के सभी वर्गों के लिए प्रेरणादायक होता है। विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता पर उनके विचार जनजागरण का कार्य कर रहे हैं।
पूर्व योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा स्वास्थ्य, योग और स्वस्थ जीवनशैली पर लगातार दिया जा रहा बल समाज को निरोग और जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इससे लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है।युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ युवाओं को नवाचार, स्टार्टअप, तकनीक और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है। प्रधानमंत्री का नेतृत्व युवाओं के लिए मार्गदर्शक है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल संवाद नहीं बल्कि देशभर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को सम्मान देने का मंच है। इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।पूर्व जिला कोषाध्यक्ष राहुल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और जनभागीदारी को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहे हैं। वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक अनूठा कार्यक्रम है। इसके माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की कहानियां पूरे देश तक पहुंचती हैं, जिससे आम नागरिकों को भी सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरणा मिलती है। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष सुरेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जल संरक्षण, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर दिए गए संदेश समाज में जागरूकता पैदा करने का कार्य कर रहे हैं। विकसित भारत के निर्माण में गांवों और ग्रामीण जनों की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
पूर्व जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती अनुपमा निशि ने प्रधानमंत्री के विचारों की सराहना करते हुए विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। राजस्थान भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही और पूरा वातावरण राष्ट्रहित, जनसेवा एवं सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत दिखाई दिया।



