Home छत्तीसगढ़ कटकोना में हजारों ग्रामीणों की मौजूदगी में लगा विशाल जिला स्तरीय जनसमस्या...

कटकोना में हजारों ग्रामीणों की मौजूदगी में लगा विशाल जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर, सैकड़ों समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

0

 

सुरेश मिनोचा एमसीबी :  छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत विकासखंड खड़गवां के ग्राम पंचायत कटकोना में आयोजित विशाल जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर जनसेवा, सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। “संवाद से संपूर्ण समाधान” की अवधारणा पर आधारित इस शिविर में आठ ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सीधे प्राप्त किया। सुबह से ही शिविर स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ग्राम पंचायत कटकोना, मंगोरा, बेलकमार, जरौंधा, फुनगा, सलका, देवाडांड, कोड़ा, उधनापुर एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीण अपनी समस्याओं, मांगों और आवेदनों के साथ शिविर में शामिल हुए।

अधिकारियों ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याएं सुनीं तथा बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की। शेष आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण हेतु संबंधित विभागों को सौंपा गया।इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। उनके साथ कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ममता सिंह, जनपद सदस्य श्यामाबाई मरकाम, शिवरतन सिंह, रामवती पोया, जिला उपाध्यक्ष रामलाल साहू, किसान मोर्चा से जगदीश सिंह, रामप्रताप गुप्ता, हरवंश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सरपंचगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में उत्साह, प्रशासन के प्रति विश्वास तथा जनभागीदारी का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।

वहीं शिविर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, बिहान, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य विभाग, पुलिस विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, आयुष विभाग, जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, क्रेडा तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक और उपयोगी स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों द्वारा चन्दा, रजनी, रूबी, सुनीता, इन्द्रवती, चन्दा, कौशल्या, अन्नपूर्णा, रीना एवं भगवनिया की गोद भराई की गई। वहीं निशा, माही, तान्वी, काया, रुद्र साहू एवं अनसी का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इसके साथ ही अनन्या, अराधना, आर्यन, आयुष, निधि, रूबी, आर्या, सौरभ, रियांस एवं अदिति को ड्रेस वितरण कर प्रोत्साहित किया गया।

शिविर में 1194 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बड़ी संख्या में आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत पहुंचाई गई। इस अवसर पर पात्र पांच हितग्राहियों को किसान किताब, चार हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, पांच हितग्राहियों को राशन कार्ड, बारह हितग्राहियों को छड़ी, दो हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड तथा सात एचपीवी हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा गायत्री जायसवाल को मुख्यमंत्री किसान सहायता योजना, जयमती को मिनीमाता महतारी जतन योजना तथा अंकिता को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के अंतर्गत सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। शासन की योजनाओं का लाभ सीधे प्राप्त कर ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और खुशी स्पष्ट दिखाई दी।

जनसमस्या निवारण शिविर में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश
इस अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान (नेशनल एक्शन प्लान फॉर ड्रग डिमांड रिडक्शन) के अंतर्गत जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, जनप्रतिनिधियों तथा जिला अधिकारियों द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को नशे से दूर रहने, समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया गया।

गांव-गांव पहुंच रहा शासन, जनता के द्वार पर मिल रहा समाधान: स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित हुई है। आज शासन केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार 2026” आम जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करने वाला अभिनव अभियान है, जिसके माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। किसानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अब पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

जनता और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु बना सुशासन तिहार : ममता सिंह
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ममता सिंह ने कहा कि “सुशासन तिहार 2026” शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन चुका है। आज प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका निराकरण कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

प्राप्त सभी आवेदनों का होगा समयबद्ध निराकरण : कलेक्टर
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक समस्या का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया है तथा उनके निराकरण की सतत निगरानी की जाएगी। कलेक्टर ने आगे कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्रता से निराकरण करें तथा जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान उनके गांव और क्षेत्र में ही उपलब्ध हो तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद और विश्वास लगातार मजबूत होता रहे।
कार्यक्रम में कटकोना सरपंच प्रेमनारायण सिंह, मंगोरा सरपंच श्रीमती जानकी उदय, बेलकमार सरपंच अशोक सिंह श्याम, जरौंधा के प्रदीप कुमार कोराम, फुनगा सरपंच श्रीमती दुर्गावती, सलका सरपंच धनीराम सिंह, देवाडांड सरपंच श्रीमती रीता भगत, कोड़ा सरपंच श्रीमती सुनीता सिंह, उधनापुर सरपंच रामलाल सिंह, गिद्धमुड़ी सरपंच श्रीमती सरोज मरपच्ची सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। एसडीएम विज्येन्द्र सारथी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेश बंजारे तथा तहसीलदार सिद्धी गबेल सहित प्रशासनिक अमला भी पूरे समय शिविर में मौजूद रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here